नागर विमानन मंत्रालय के प्रभावी उपायों के कारण देश के किसी भी प्रमुख हवाई अड्डे पर भीड-भाड की कोई खबर नहीं है। हवाई अड्डों पर भीड़ के बारे में नई दिल्ली में नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संवाददाताओं को बताया कि भीड़ कम करने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षाबल के अतिरिक्त जवानों की तैनाती, उत्प्रवासन ब्यूरो के कर्मियों के सशक्तिकरण और प्रस्थान तथा प्रवेश द्वारों की संख्या बढ़ाने सहित अनेक उपाय किए गए हैं।
महानगरों सहित 16 हवाई अड्डों का ब्योरा देते हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले एक वर्ष में प्रस्थान प्रवेश द्वारों की संख्या 46 प्रतिशत बढ़ाई गई है। ऐसे द्वारों या पंक्तियों की संख्या 213 से बढाकर 312 कर दी गई है। उन्होंने कहा कि देशभर के इन हवाई अड्डों में एक्सआईबीएस, एक्स-रे मशीनों की संख्या 234 से बढाकर 312 कर दी गई है।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पिछले वर्ष नवंबर से इस वर्ष नवंबर तक विमान यात्रियों की संख्या 10 प्रतिशत बढ़ गई। पिछले वर्ष नवंबर में विमान यात्रियों की संख्या एक करोड सोलह लाख थी जो इस वर्ष नवंबर में एक करोड 26 लाख तक पहुंच गई।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि वर्ष 2024 के आखिर तक 38 हवाई अड्डों पर डिजि यात्रा ऐप काम करने लगेगा जो देश के 95 प्रतिशत विमान यात्रियों की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा कि इस समय तेरह हवाई अड्डों पर डिजि ऐप काम कर रहा है जो देश के घरेलू विमान यात्रियों के लगभग 85 प्रतिशत यात्रियों को सेवा देते हैं।
