कल समाप्त हुए माह में सकल वस्तु और सेवा कर-जीएसटी राजस्व संग्रह एक लाख पैतालीस हजार करोड़ रूपये से अधिक रहा। यह लगातार नौवां महीना है जब मासिक जीएसटी राजस्व संग्रह एक लाख 40 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा है।
वित्त मंत्रालय ने कहा है कि पिछले साल नवंबर में एक लाख 31 हजार करोड़ रुपये से अधिक का जीएसटी संग्रह हुआ था और इस साल 11 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।
मंत्रालय ने बताया कि नवम्बर में केंद्रीय वस्तु और सेवा कर के रूप में कुल पच्चीस हजार 6 सौ 81 करोड़ रूपये और राज्य वस्तु और सेवा कर के रूप में बत्तीस हजार 6 सौ 51 करोड़ रूपये एकत्र किए गए। एकीकृत वस्तु और सेवा कर-आई.जी.एस.टी. के रूप में सतत्तर करोड़ रूपये से अधिक और उपकर के रूप में दस हजार करोड़ रूपये से अधिक जमा किए गए। केन्द्र ने नवम्बर 2022 में राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को वस्तु और सेवा कर क्षतिपूर्ति के रूप में 17 हजार करोड़ रूपये जारी किए थे।
