नगालैंड में 22वां हॉर्नबिल उत्सव आज से शुरू हो रहा है। इसे नगालैंड का सबसे बड़ा सांस्कृतिक पर्व माना जाता है। आज ही राज्य का 59वां स्थापना दिवस भी है। इस अवसर पर नगालैण्ड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो राज्य में निपुण भारत मिशन का शुभारंभ करेंगे।
दस दिन के इस उत्सव में विविधता में एकता की भावना के साथ पारंपरिक और समकालीन नगा संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। उत्सव का भव्य उद्घाटन शाम 4 बजे कोहिमा से 12 किलोमीटर दूर नगा धरोहर गांव किसामा में होगा। असम और नागालैंड के राज्यपाल जगदीश मुखी महोत्सव के उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो मुख्य मेजबान और पर्यटन, कला और संस्कृति के सलाहकार एच. खेहोवी येपुथोमी महोत्सव में मेजबान होंगे। भारत में इज़राइल के राजदूत नाओर गिलोन, अमरीका की महावाणिज्य दूत सुश्री मेलिंडा पावेक और जर्मनी के महावाणिज्य दूत मैनफ्रेड सम्मानित अतिथि होंगे। कोविड महामारी को ध्यान में रखते हुए पर्यटकों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। राज्य सरकार ने पर्यटकों के लिए प्रवेश के समय कोविड जांच अनिवार्य कर दी है। पिछले वर्ष कोविड महामारी के कारण यह समारोह वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया था।