राजधानी के प्रगति मैदान में आयोजित 41वां भारत-अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेला आज से सामान्य लोगों के लिए खुल जायेगा। 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में पर्यटक सुबह दस बजे से साढ़े पांच तक प्रवेश कर सकते हैं, हालांकि वे शाम साढ़े सात बजे तक मेले का लुत्फ उठा सकेंगे। मेले में व्यावसायिक गतिविधियों का आज अंतिम दिन था।
आम लोगों के लिए सप्ताहांत और छुट्टियों वाले दिन मेले की टिकट, वयस्क के लिए 150 रुपये और बच्चों के लिए 60 रुपये है, जबकि सप्ताह के बाकि दिनों में यह, वयस्क के लिए 80 रुपये और बच्चे के लिए 40 रुपये निर्धारित की गई है। मेले में दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों का प्रवेश नि:शुल्क है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए व्यापार मेले के टिकट दिल्ली मेट्रो के 67 स्टेशनों पर उपलब्ध करवाये गये हैं। पर्यटक सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मेट्रो स्टेशनों से टिकट खरीद सकते हैं।
इस बार मेले का मुख्य विषय वोकल फॉर लोकल – लोकल टू ग्लोबल है, जिसमें लगभग दो हजार पांच सौ देशी और विदेशी प्रदर्शक अपने उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन कर रहे हैं।