दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल में कल रात मची भगदड़ में मृतकों की संख्या 149 हो गई है। 150 से अधिक लोग घायल हुए हैं। सोल के इतावॉन में हैलोविन मनाने के लिए एकत्र हुई भारी भीड़ में भगदड़ मच जाने से यह हादसा हुआ। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।
स्थानीय मीडिया का अनुमान है कि हैलोविन मनाने के लिये लगभग एक लाख लोग इतावॉन में एकत्र थे।
विदेश मंत्री डॉक्टर एस. जयशंकर ने सोल में भगदड़ में लोगों के मारे जाने पर गहरा दुख व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत इस कठिन समय में दक्षिण कोरिया के साथ मज़बूती से खड़ा है।