तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार का आज अंतिम दिन

तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दल प्रचार अभियान में जुटे हैं और प्रचार का आज अंतिम दिन है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि तेलंगाना को तबाह करने में कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति- बीआरएस समान रूप से भागीदार है। उन्‍होंने महबूबाबाद और करीमनगर में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह दोनों राजनीतिक दल धार्मिक तुष्टिकरण, भ्रष्‍टाचार और परिवारवाद में व्‍यस्‍त हैं। उन्‍होंने कहा कि यह दोनों तुष्टिकरण को नई ऊचाईयों तक ले गए हैं और दोनों को शासनकाल में कानून और व्‍यवस्‍था ध्‍वस्‍त हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों दलों ने दलितों और पिछडे वर्ग समुदाय को धोखा दिया है। उन्‍होंने कहा कि आदिवासी समुदाय और अनुसूचित जाति समुदाय को भारतीय जनता पार्टी ही सशक्‍त कर रही हैं। उन्होंने कहा कि तेलंगाना की जनता भाजपा पर भरोसा करती है क्‍योंकि यह जो कहती है, वह करती है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि लोगों ने तय कर लिया है कि तेलंगाना का अगला मुख्‍यमंत्री भाजपा का होगा। भाजपा ने वादा किया है कि राज्‍य में मुख्‍यमंत्री पिछडे वर्ग से होगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीआरएस के कब्‍जे से तेलंगाना को निकालना भाजपा की जिम्‍मेदारी है। उन्‍होंने कहा कि बीआरएस सरकार के दौरान हुए सभी घोटालों की भाजपा सरकार जांच कराएगी और जिन्‍होंने गरीबों तथा तेलंगाना के युवाओं को धोखा दिया है, उन्‍हें छोडा नही जाएगा। उन्‍होंने कहा कि लोगों को भ्रष्‍ट बीआरएस को जेल भेजने का संकल्‍प लेना चाहिए।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को दिया गया कोई भी वोट बीआरएस को जाएगा। उन्होंने लोगों से सरकार बदलने का आह्रवान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, बीआरएस और एमआईएम का एक समझौता है और ये पार्टियां परिवार की पार्टियां है जो परिवार शासन और भ्रष्‍टाचार सुनिश्चित करती हैं। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों को दिया गया वोट भ्रष्‍टाचार और अल्पसंख्यक तुष्टिकरण को दिया गया वोट है। उन्‍होंने पेट्रोल और डीजल पर वैट घटाने, किसानों को सब्सिडी देने, धान के लिए तीन हजार एक सौ रूपये प्रति क्विंटल न्‍यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने, निशुल्क चार गैस सिलेंडर देने तथा स्‍वास्‍थ्‍य बीमा का आश्वासन दिया।

कांग्रेस की वरिष्‍ठ नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि यदि बीआरएस की सरकार फिर से बनती है तो मुख्‍यमंत्री के चन्‍द्रशेखर राव और बीआरएस पर फार्म हाउस से सरकार चलाएगें और भूमि और शराब माफिया का शासन होगा। प्रियंका गांधी भोनगीर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बीआरएस, भाजपा और एमआईएम एक दूसरे के लिए एक टीम के रूप में काम कर रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि भाजपा तेलंगाना में बीआरएस को सहयोग करेगी और बीआरएस दिल्‍ली में भाजपा को सहयोग देगी। उन्‍होंने एमआईएम को इस रिश्‍ते में थर्ड फ्रैंड बताया।

कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने मेडक जिले के नरसापुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। तेलंगाना कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष रेवंत रेड्डी ने दोरनाकल में जनसभा को संबोधित किया।

कर्नाटक के मुख्‍यमंत्री सिद्धरमैया और आंध्र प्रदेश के कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष रघुवीरारेड्डी और अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं ने मुशीराबाद विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया।

बीआरएस प्रमुख और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चन्‍द्रशेखर राव ने चेवेल्‍ला में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि रायतु बंधु योजना का लाभ किसानों तक नही पहुंचने के लिए कांग्रेस को जिम्‍मेदार ठहराया। उन्‍होंने कहा कि यदि बीआरएस सत्‍ता में लौटती है तो योजना की किश्‍ते फिर से शुरू की जाएगी।

इस बीच कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रतिवर्ष दो लाख सरकारी नौकरी सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में राज्‍य के युवाओं का दर्द समझते हुए भर्ती कार्यक्रम जारी किया जाएगा। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि तेलंगाना के युवा दोराला केसीआर सरकार में बुरी तरह से प्रभावित है और उनका भविष्‍य प्रजा सरकार सुरक्षित करेगी।

एमआईएम अध्‍यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की सरकारे तेलंगाना में अल्पसंख्यकों के स्‍टार्ट-अप और उद्यमियों को सहयोग नही दे रही हैं। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर लिखा भाजपा और कांग्रेस का वास्‍तविक चेहरा सामने आ चुका है।

Related posts

Leave a Comment