जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज दो दिन की यात्रा पर शनिवार को भारत आयेंगे

जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज दो दिन की यात्रा पर शनिवार को भारत आयेंगे। उनके साथ वरिष्ठ अधिकारी और एक उच्चाधिकार प्राप्त व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी होगा। राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका रस्मी स्वागत किया जाएगा।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और ओलाफ शोल्ज द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वे दोनों पक्षों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और व्यापारिक नेताओं के साथ भी बातचीत करेंगे। ओलाफ शोल्ज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।

ओलाफ शोल्ज की यह पहली भारत यात्रा है। वर्ष 2011 में द्विवार्षिक अंतर-सरकारी परामर्श तंत्र की शुरूआत के बाद से किसी जर्मन चांसलर की यह पहली भारत यात्रा है।

भारत और जर्मनी के बीच रणनीतिक साझेदारी का आधार साझा मूल्य, विश्वास और आपसी समझ-बूझ है। मजबूत निवेश और व्यापार संपर्क, हरित और सतत विकास के क्षेत्रों में सहयोग और दोनों देशों के लोगों के बीच बढते संबंधों ने द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ किया है। भारत और जर्मनी बहुपक्षीय और अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर भी मिलकर काम करते हैं।

चांसलर शोल्‍ज की इस यात्रा से दोनों पक्षों को रक्षा सहयोग को मजबूत करने, आर्थिक संबंधों को बढाने, विज्ञान और प्रौदयोगिकी के क्षेत्र में एक दूसरे के साथ सलाह-मश्विरा करने का अवसर मिलेगा।

चांसलर ओलाफ शोल्ज 26 फरवरी को बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे।

Related posts

Leave a Comment