जम्मू-कश्मीर में पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर तैनात सैनिकों ने आज विभिन्न स्थानों पर पाकिस्तान के दो ड्रोन पर गोलीबारी की। सेना के सतर्क जवानों ने मेंढर के बलनोई क्षेत्र में सुबह लगभग साढ़े छह बजे दो ड्रोन देखे। जवानों की गोलीबारी के बाद ड्रोन पाकिस्तान लौट गए। ये ड्रोन कुछ देर तक पुंछ जिले के बलनोई-मेंढर क्षेत्रों में मंडराते रहे। लगभग इसी समय गुलपुर क्षेत्र में भी ड्रोन देखे गए। दोनों क्षेत्रों में छान-बीन शुरु की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ड्रोन से हथियार या मादक पदार्थ तो नहीं गिराए गए।
इससे पहले 12 फरवरी को मेंढर सेक्टर के मनकोटे क्षेत्र में दुश्मन के ड्रोन नजर आने के बाद सेना ने गोलीबारी की थी। पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में मादक पदार्थ और हथियार गिराने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल करता रहा है।