जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज तड़के जम्मू के भगवती नगर के आधार शिविर से श्री अमरनाथ जी यात्रियों का पहला जत्था रवाना किया। कड़ी सुरक्षा के बीच, यात्रियों का पहला जत्था पूरे उत्साह के साथ कश्मीर घाटी से अमरनाथ जी की पवित्र गुफा के दर्शन के लिए रवाना हुआ।
जम्मू से अग्रसर होने वाले श्रद्धालुओं का यह पहला जत्था कश्मीर घाटी में आज शाम तक बालतल और नुनवन आधार शिविरों में पहुंचेगा, जहां से ये श्रद्धालु कल पहली जुलाई से पवित्र गुफा के दर्शन के लिए यात्रा करेंगे। जम्मू में तीर्थयात्रियों के लिए मौके पर ही पंजीकरण के लिए पांच तत्काल केंद्रों के इलावा 33 आवास केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। यात्रियों को इन केंद्रों पर ही अनिवार्य रेडियो फ्रिक्वेंसी पहचान टैग प्रदान किया जाएगा। इस वर्ष सुचारू, सुरक्षित और सफल यात्रा के लिए यात्रा मार्गों, आवास केंद्रों और आधार शिविरों पर प्रशासन और श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड द्वारा असाधारण सुरक्षा और अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। खराब मौसम और जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग बंद होने की स्थिति में यात्रियों की सुविधा के लिए जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रांजैक्श शिविर स्थापित किए गए हैं। औपचारिक रूप से कल शुरू होने वाली यात्रा के लिए अब तक तीन लाख से अधिक यात्रियों ने अपना पंजीकरण कराया है।
