मणिपुर में चावल और अन्य आवश्यक सामग्री ले जा रही एक मालगाड़ी के आज तामेंगलांग जिले में खोंगसांग रेलवे स्टेशन पर पहुंचने की संभावना है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मणिपुर की यात्रा के दौरान घोषणा की थी कि हिंसा प्रभावित मणिपुर में रेलवे के माध्यम से आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को खोंगसांग रेलवे स्टेशन पर आवश्यक सुविधाएं तैयार करने का निर्देश दिया था।
चावल, प्याज, आलू और अन्य सामग्री से भरी हुई बारह डिब्बों की रेलगाड़ी कल सुबह असम के न्यू गुवाहाटी एनएफ रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। यह आज सुबह जिरिबाम रेलवे स्टेशन पहुंचेगी और बाद में खोंगसांग के लिए रवाना होगी। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के मालगाड़ी के पहुंचने पर खोंगसांग स्टेशन पर पहुंचने की आशा है।
इस बीच, मणिपुर के कई जिलों में विस्थापित परिवारों के लिए फैब्रिकेटेड आवास तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है। मणिपुर पुलिस आवास निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता पी ब्रोजेन्द्रो ने बताया कि घाटी के चार जिलों में विभिन्न स्थानों पर करीब तीन हजार फैब्रिकेटेड आवास बनाए जाएंगे। प्रत्येक स्थान पर लगभग दो सौ परिवारों को समायोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कमरे से शौचालय जुड़े रहेंगे और बिजली, पानी सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।