केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह की अपनी यात्रा के दूसरे दिन शहीद द्वीप इको-पर्यटन परियोजना और स्वराज द्वीप जल हवाई अड्डा सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने आज पोर्ट ब्लेयर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस द्वीप से हम्फ्री स्ट्रेट क्रीक पुल का वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन भी किया। इस पुल का नाम आजाद हिंद फौज सेतु रखा गया है। गृह मंत्री ने इस पुल को अंडमान और निकोबार के लोगों को समर्पित किया। अमित शाह ने कहा कि केन्द्र सरकार इस क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
अंडमान का विकास सुनिश्चित होने वाला है। सारी योजनाएं समय पर पूरी होंगी। आज यहां पर 14 योजनाओं का उद्घाटन हुआ है। उसका कुल मूल्य 299 करोड़ रूपए है और 12 परियोजनाओं का शिलान्यास हुआ है। उसका मूल्य 643 करोड़ अंडमान द्वीप के छोटे से क्षेत्र के अंदर 943 करोड़ लगभग एक हजार करोड़ के विकास काम का आज मोदी सरकार काम करेगी।
गृहमंत्री ने कहा कि सरकार देश भर में आजादी का अमृत महोत्सव मना रही है और देश के युवाओं तथा बच्चों में देशभक्ति की भावना को जगाया जा रहा है।
नेता जी के स्वप्नों का भारत बनाना, वीर सावरकर के स्वप्न का भारत बनाना, ढेर सारे ज्ञात-अज्ञात, नामी अनामी शहीदों के सपनों का भारत बनाने की जिम्मेदारी आज की युवा पीढ़ी पर है, हम लोगों की है और मित्रों मैं फिर से एक बार कल भी कहा था, आज भी कह रहा हूं हमें आजादी के लिए लड़ने का मौका नहीं मिला। हमारा जन्म ही नहीं हुआ, परंतु भारत के लिए जीने का मौका हमसें कोई नहीं छीन सकता। हमारे जीवन को हम भारत के विकास के लिए भारत की उन्नति के लिए और भारत के गौरव के लिए समर्पित करना चाहे तो कोई नहीं रोक सकता।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि स्ट्रेट क्रीक पुल अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में एक दशमलव एक-आठ किलोमीटर लम्बाई का सबसे लंबा पुल है। यह पुल मध्य अंडमान में पोर्ट ब्लेयर से लगभग 120 किलोमीटर दूर स्थित है। एन एच आई डी सी एल ने 202 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से इस पुल का निर्माण किया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बुनियादी ढांचे में अत्याधुनिक पुल एक मील का पत्थर है। इस पुल के बनने से उत्तर और मध्य अंडमान में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।