गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल में अंतरराज्यीय परिषद के मध्य क्षेत्र की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि वे भोपाल में राष्ट्रीय विधि विज्ञान विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखेंगे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि अंतरराज्यीय परिषद की बैठक भोपाल स्थित कुशाभाऊ ठाकरे अंतरराष्ट्रीय समन्वय केंद्र में होगी।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक अत्यंत महत्वपूर्ण है और इस बैठक में अनुसूचित जाति, जनजाति कल्याण, किसान कल्याण, महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध अपराध की विवेचना, आंतरिक सुरक्षा, आतंकवाद और नक्सलवाद जैसे विषयों की रोकथाम के लिए व्यापक विचार-विमर्श होगा।
बैठक में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल होंगे। अमित शाह, बाद में, भोपाल में राष्ट्रीय फोरेंसिक विज्ञान विश्वविद्यालय के भोपाल परिसर की आधारशिला रखेंगे और नई शिक्षा नीति और सहकारिता विषयों पर संगोष्ठियों को संबोधित भी करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्री मध्य प्रदेश पुलिस विभाग के 13 सौ से अधिक घरों और 54 प्रशासनिक भवनों का भी लोकार्पण करेंगे. इन भवनों के निर्माण पर क़रीब 329 करोड़ रुपये की लागत आई है।