गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुंदर पिचाई ने कहा है कि भारत एक बड़ी निर्यात अर्थव्यवस्था बनेगा और देश को खुले इंटरनेट सम्पर्क का लाभ मिलेगा। नई दिल्ली में भारत के लिए गूगल कार्यक्रम में श्री पिचाई ने कहा कि देश को नागरिकों के हितों की सुरक्षा और कम्पनियों को नवाचार की सुविधा देने के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गूगल अब भारत में स्टार्टअप पर ध्यान केन्द्रित कर रहा है। सुंदर पिचाई ने बताया कि स्टार्टअप के लिए दिए जाने वाले तीस करोड़ अमरीकी डॉलर का एक चौथाई हिस्सा महिलाओं के नेतृत्व वाले संस्थानों में निवेश किया जाएगा।
सुंदर पिचाई ने कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और कहा कि उनके नेतृत्व में तीव्र गति से प्रौद्योगिकी संबंधी परिवर्तन को देखना बेहद प्रेरणादायक है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह आवश्यक है कि विश्व में मिलजुल कर कामकाज जारी रहे, ताकि प्रौद्योगिकी का लाभ मानवता की खुशहाली और सतत विकास के लिए मिल सके।