केरल में चक्रवात के कारण लगातार तेज बारिश हो रही है। राजधानी तिरुवनंतपुरम को छोड़कर अन्य सभी जिलों को हाई अलर्ट कर दिया गया है। छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट और सात जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। केरल तट पर पचास किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी भी दी गई है।
मलप्पुरम जिले के करीपुर में बारिश से दो बच्चों की मौत हो गई। कोल्लम के नागमलाई में एक और मौत की जानकारी मिली है। तेज बारिश से मलप्पुरम जिले के कई निचले क्षेत्र प्रभावित हैं।
तेज बारिश के कारण इडुक्की जिले में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए जिला कलेक्टर ने इस महीने की चौदह तारीख को रात सात बजे से सुबह छह बजे तक यात्रा पर रोक लगा दी है। पलक्कड़ जिले के अट्टापदी और नेल्लियमपति खंड सहित पहाड़ी क्षेत्रों में तेज बारिश की जानकारी मिली है और जिससे यातायात बाधित हो गया है।
त्रिशूर और एर्नाकुलम जिलों में भी तेज बारिश हुई है। बंगाल की खाड़ी के मध्यपूर्वी क्षेत्रों में आज या कल कम दबाव के क्षेत्र बनने की संभावना है। इस महीने की पन्द्रह तारीख तक चक्रवात आंध्र तट में प्रवेश करने की आशंका है। विशेषज्ञों के अनुसार उष्णकटिबंधीय चक्रवात कोम्पासु जो पश्चिमी प्रशांत महासागर में बना हुआ है, उसके कारण केरल में तेज बारिश हुई है।