आज उत्कल दिवस है। आज ही के दिन 1936 में ब्रिटिश शासन के दौरान ओडिसा राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। कई गण्यमान्य नागरिकों ने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। ओडिसा के राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल ने अपने संदेश में आह्वान किया है कि सभी लोग मिलकर ओडिसा को सम्पन्न राज्य बनाने का संकल्प लें। वहीं, मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने विभिन्न क्षेत्रों में राज्य द्वारा हासिल प्रगति को निरंतर जारी रखने का आह्वान किया है।
ओडिसा में, जी-20 में भारत की अध्यक्षता में तीसरी शैक्षणिक कार्यकारी समूह की इस महीने के अंत में आयोजित होने वाली बैठक से पहले आज ओडिसा दिवस के अवसर पर कई कार्यक्रमों का आयोजन हो रहा है। इस बैठक के क्रम में राज्य के सभी 30 जिलों में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में कई कार्यक्रमों का आयोजन होगा। भुबनेश्वर में इस महीने 27 से 29 अप्रैल तक जी-20 की बैठक का आयोजन होगा, जिसका विषय है- फ्यूचर ऑफ वर्क, यानी कार्य का भविष्य। इस आयोजन में जी-20 देशों के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओडिसा के लोगों को उत्कल दिवस की बधाई दी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ओडिसा के लोगों को ओडिसा दिवस-उत्कल दिबस के अवसर पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि आज के दिन देश की प्रगति में ओडिसा के लोगों, संस्कृति और ओडिसा की समृद्ध भूमिका के महत्व को समझा जा रहा है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ओडिसा के लोगों को आने वाले समय में बेहतर स्वास्थ्य और समृद्धि का आशीर्वाद मिलेगा।
