राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण – एनआईए ने आज जम्मू-कश्मीर में देश विरोधी गतिविधियों के लिए धन मुहैया कराने के संबंध में कई स्थानों पर छापे मारे। जम्मू-कश्मीर पुलिस और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल भी एनआईए का सहयोग कर रहे हैं।
डोडा, किश्तवाड़, रामबन, अनंतनाग, बडगाम, राजौरी और शोपियां सहित जम्मू-कश्मीर में 45 से अधिक स्थानों पर छापे मारे गए। जमात-ए-इस्लामी से जुड़े लोगों पर छापे मारे जा रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया कि जांच एजेंसी ने दस्तावेजों और डिजिटल उपकरणों को जब्त कर लिया है और इसे जमात-ए-इस्लामी के खिलाफ सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पाकिस्तान और अलगाववादी विचारधारा से सहानुभूति रखने के कारण केन्द्र सरकार ने इस संगठन को 2019 में प्रतिबंधित कर दिया था।