उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के स्कूलों को 15 से 18 वर्ष की आयु के बच्चों को दो दिन की छुट्टी देने का निर्देश दिया है, जिन्हें कोविड टीका लगाया जा रहा है। टीकाकरण के दिन और अगले दिन बच्चों को अवकाश मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य में 15 से 18 साल की उम्र के लगभग एक करोड़ 40 लाख बच्चे हैं और इनके टीकाकरण के लिए दो हजार 150 बूथ तैयार किए गए हैं। ऐसे लगभग 39 बूथ अकेले लखनऊ में ही है। योगी आदित्यनाथ ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक 20 करोड़ 25 लाख से ज्यादा कोविड के टीके लगाए जा चुके हैं। इनमें से 12 करोड़ 84 लाख लोगों को टीके की पहली खुराक मिली है जबकि 7 करोड़ 40 लाख लोगों को टीके की दोनों खुराक लग चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में अस्पताल बेड और वैक्सीन की कोई कमी नहीं है और राज्य सरकार पूरी तरीके से तैयार है। अब तक राज्य में कोविड के ओमिक्रोन वेरिएंट के केवल 8 मामले सामने आए हैं जिसमें से 3 मरीज पूरी तरीके से ठीक हो चुके हैं। राज्य में कल कोविड के साढ़े पांच सौ 50 से अधिक नए मामले सामने आए हैं।