🔴 बिहार: मधुबनी में आज कोयला डिपो में कोयले के जलने से निकली जहरीली गैस की चपेट में आने से एक सरकारी स्कूल के 7 छात्र बेहोश हो गए। सदर अस्पताल में भर्ती सभी छात्रों की हालत अब स्थिर है।
🔴 पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की हत्या के मामले में निर्धारित आधार पर दोषियों की समय से पहले रिहाई को चुनौती देने वाली कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट में एक नई समीक्षा याचिका दायर करेगी।
🔴 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 नवंबर को पूरे भारत में 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेला के तहत नवनियुक्त भर्तियों को लगभग 71,000 नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे।
🔴 ईस्ट कोस्ट रेलवे के अंतर्गत आने वाले कोरई स्टेशन पर आज सुबह एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने से 2 लोगों की मृत्यु हो गई। मालगाड़ी के पटरी से उतरने से रेल लाइनें अवरुद्ध और स्टेशन भवन क्षतिग्रस्त हो गया। राहत दल, रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेन हादसे में यात्रियों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। गंभीर रूप से घायलों के लिए 1-1 लाख रुपए और मामूली रूप से घायलों के लिए 25 हज़ार की अनुग्रह राशि की घोषणा की गई है।
🔴 दिल्ली: अरुण गोयल ने भारत के नए चुनाव आयुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया।
🔴 वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में वर्ष 2023-24 के केन्द्रीय बजट की तैयारियों के सिलसिले में विभिन्न हितधारकों से बजट पूर्व विचार-विमर्श शुरू किया। बैठक में वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और डॉक्टर भागवत किशनराव कराड, वित्त सचिव डॉक्टर टी. वी. सोमनाथन और मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉक्टर अनंत नागेश्वरन सहित कई अधिकारियों ने भाग लिया।
🔴 दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने 2012 के छावला दुष्कर्म और हत्या मामले में तीन आरोपियों को बरी करने के आदेश के विरुद्ध उच्चतम न्यायालय में समीक्षा याचिका दायर करने की अनुमति दे दी है। सरकारी सूत्रों के अनुसार इस मामले में दिल्ली सरकार की तरफ से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को उच्चतम न्यायालय में समीक्षा याचिका दायर करने की अनुमति दी गई। निचली अदालत ने 2012 में दिल्ली के छावला में 19 वर्ष की युवती के साथ दुष्कर्म और हत्या के मामले में तीन आरोपियों को मौत की सजा सुनाई थी। दिल्ली उच्च न्यायालय ने यह सजा बरकरार रखी थी।
🔴 टेनिस में नोवाक जोकोविच ने इटली के तुरिन में एटीपी वर्ल्ड टूर फाइनल्स में नार्वे के कैस्पर रूड को हरा दिया है। जोकोविच ने रूड को सीधे सेटों में पराजित कर छह बार एटीपी फाइनल्स खिताब जीतने के रोजर फेडरर के रिकार्ड की बराबरी की। 35 वर्ष के जोकोविच यह खिताब जीतने वाले सबसे अधिक उम्र के खिलाड़ी हैं।