दिल्ली सेवा विधेयक को संसद से मंजूरी अखबारों की बडी खबर है। अमर उजाला की सुर्खी है- विपक्षी एकता को झटका, विधेयक 102 के मुकाबले 131 वोट से पारित, दिल्ली सेवा विधेयक पर राज्यसभा की भी मुहर, राष्ट्रपति से मंजूरी मिलते ही लेगा कानून का रूप।
पंजाब केसरी लिखता है- सुप्रीमकोर्ट ने मणिपुर में राहत और पुनर्वास जैसे मानवीय मुद्दों को देखने के लिए उच्च न्यायालय की तीन पूर्व महिला जजों की समिति गठित की। सीबीआई जांच की निगरानी के लिए पांच वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति।
हरियाणा में नूंह हिंसा की घटना के बाद अवैध निर्माण गिराने को लेकर चलाये जा रहे अभियान पर पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय की रोक पर नवभारत टाइम्स की सुर्खी है- हाईकोर्ट ने नूंह में चल रहे बुलडोजर पर लगाया ब्रेक।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा में बहाली पर जनसत्ता की टिप्पणी है- 137 दिन बाद फिर योग्य होकर राहुल की संसद में वापसी। अविश्वास प्रस्ताव पर आज शुरू कर सकते हैं बहस। भाजपा सांसद रामशंकर कठेरिया की सजा पर रोक। अमर उजाला का कहना है- कश्मीरी हिन्दुओं के नरसंहार की फिर से खुलेगी फाइल, 34 साल बाद फैसला, जस्टिस नीलकंठ गूंज मामले की सबसे पहले होगी जांच।
दैनिक जागरण की सुर्खी है- मंहगे टमाटर ने 28 प्रतिशत बढाई शाकाहारी थाली की लागत, रेटिंग एजेंसी क्रिसिल की रिपोर्ट के अनुसार मासाहारी थाली पर दिखा कम असर, केवल 11 प्रतिशत बढी लागत। आयकर रिटर्न डाटा के हवाले से राजस्थान पत्रिका का कहना है- एक करोड रूपये से ज्यादा कमाई वाले चार साल में पचास प्रतिशत और 50 लाख से अधिक आय वाले एक दशमलव चार प्रतिशत बढे। देश में टैक्स रिटर्न फाइल करने वालों की कुल संख्या काफी कम है। कुल आबादी में से सिर्फ छह प्रतिशत लोग ही चुकाते हैं टैक्स।
