वित्त वर्ष 2024-25 में मौद्रिक नीति समिति की पहली बैठक से जुडी खबरें अधिकतर अखबारों के पहले पन्ने पर हैं। अमर उजाला की सुर्खी है- लगातार सातवीं बार रेपो दर में कोई बदलाव नहीं। दैनिक भास्कर के शब्द हैं- अभी नहीं बढेगी होम और कार लोन की किस्त। देशबन्धु और वीर अर्जुन ने जीडीपी में वृद्धि दर सात प्रतिशत रहने का अनुमान दिया है, वहीं हिन्दुस्तान ने सुविधा शीर्षक से लिखा है- यूपीआई से बैंक खाते में नकदी जमा कर सकेंगे। जनसत्ता के अनुसार- ग्रामीण मांग बढने से आर्थिक वृद्धि को समर्थन मिलने की उम्मीद।
देश में जारी राजनीतिक माहौल से जुडे समाचार भी अखबारों में हैं। दैनिक जागरण लिखता है- होम वोटिंग से महासमर के मतदान का शुभारंभ। निर्वाचन आयोग ने 85 वर्ष से अधिक आयु और चालीस फीसदी से अधिक दिव्यांग मतदाताओं को सुविधा दी।
पंजाब केसरी के कारोबार पन्ने की खबर है- भारत का विदेशी मुद्रा भंडार छह सौ 45 अरब डॉलर के उच्चतम स्तर पर पहुंचा।
राष्ट्रीय सहारा ने रसायन और उर्वरक मंत्री मनसुख मांडविया का बयान प्रकाशित किया है- भारत 2025 के अंत तक यूरिया का आयात बंद कर देगा।
दैनिक ट्रिब्यून ने मौसम विभाग के हवाले से लिखा है- इस साल मेहरबान रहेगा मॉनसून। अल-नीनो फीका पडेगा।
नवभारत टाइम्स की खबर है- गाजियाबाद से नोयडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक ही ट्रैक पर चलेंगी मेट्रो और हाईस्पीड रेपिड रेल। कुल 35 स्टेशन बनेंगे।
हरि भूमि की पहली सुर्खी है- एशिया की सबसे बडी फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट परियोजना लाइन का ट्रायल भी सफल, हफ्ते भर में मिलने लगेगी बिजली।
हिन्दुस्तान के अनुसार रामनवमी पर 15 से 17 अप्रैल तक श्रद्धालु बीस घंटे रामलला के दर्शन कर सकेंगे।
राजस्थान पत्रिका की यह खबर ध्यान आकर्षित करती है- वैज्ञानिकों ने बनाया दुनिया का सबसे बडा डिजिटल कैमरा, 32 सौ मेगा पिक्सल से खींचेगा तस्वीरें।