प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की फलिस्तीन के राष्ट्रपति से फोन पर बातचीत अखबारों की बडी खबर है। जनसत्ता की सुर्खी है – संवेदना जताई, भारत का सैद्धांतिक रूख दोहराया। अमर उजाला लिखता है – प्रधानमंत्री ने मानवीय मदद जारी रखने की बात कही। कहा आतंकवाद के सभी रूपों के खिलाफ एकजुट हो दुनिया, भारत ने इस्राइल पर हमास के हमले की फिर निंदा की। नवभारत टाइम्स का कहना है – गजा की मदद को ट्रक तैयार, एंट्री का इंतजार। मिस्र आज खोल सकता रफाह क्रॉसिंग, बीस ट्रक जाने की मिली है मंजूरी। संयुक्त राष्ट्र ने कहा- रोज मदद पहुंचानी है जरूरी। उधर, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की इस्राइल यात्रा के दौरान उनके हवाले से पत्र लिखता है – इस्राइल के आत्मरक्षा के अधिकार का ब्रिटेन का समर्थन।
जनसत्ता की बडी खबर है – केंद्र सरकार ने लैपटॉप और कंप्यूटर आयात के लिए बंदिशें खत्म कीं। लाइसेंसिंग मानदंडों में किया गया बदलाव। ऐसे उत्पादों के आयातकों के लिए ऑनलाइन मंजूरी प्रणाली स्थापित की गई। दैनिक जागरण का कहना है – भरोसेमंद माध्यम से ही आयात कर सकेंगे लैपटाप। इलैक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सचिव के हवाले से पत्र लिखता है – नियमों के बदलाव से कीमतों पर नहीं पडेगा असर।
हिंदुस्तान आश्वासन शीर्षक से लिखता है – त्योहारों पर आवश्यक खाद्य वस्तुओं के दाम नहीं बढेंगे। खाद्य सचिव ने कहा – कीमतों को काबू रखने के लिए सरकार हर कदम उठा रही है। भारतीय रिजर्व बैंक का उल्लेख करते हुए पत्र लिखता है – मुद्रास्फीति में कमी आने से देश की आर्थिक बुनियाद हुई मजबूत। बीस हजार डिजिटल मुद्रा लेनदेन हो रहे हैं रोज।
खुशी की खबर शीर्षक से दैनिक भास्कर के शब्द हैं – अमरीका में भारतीयों की टॉप 35 ऑर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फर्म, पांच साल में दोगुनी होगी।