प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना के बीच वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से हुई भेंट, आज अखबारों की प्रमुख सुर्खी है। जनसत्ता ने प्रधानमंत्री के हवाले से लिखा है – भारत-बांग्लादेश संबंध नई ऊंचाइयों पर। अमर उजाला के अनुसार- बांग्लादेश तक दोस्ती की नई रेल। मोदी बोले- नई बुलंदियों पर दोनों देशों के रिश्ते। इसी खबर पर वीर अर्जुन के शब्द हैं- पीएम ने शेख हसीना के साथ डिजिटल माध्यम से तीन विकास परियोजनाओं का किया उदघाटन।
पैरा एथलीटों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मुलाकात को दैनिक जागरण ने अपनी पहली सुर्खी बनाया है। पत्र लिखता है – पैरा एथलीटों के एक सौ 11 पदक 140 करोड भारतीयों के सपने। श्री मोदी ने कहा – खिलाडियों के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर कर रही है सरकार।
पैसा लेकर प्रश्न पूछने के विवाद में उलझी तृणमूल कांग्रेस की लोकसभा सदस्य महुआ मोइत्रा, आज आचार समिति के समक्ष पेश होंगी- देशबन्धु की सुर्खी है। हरिभूमि की खबर है- दुबई से महुआ मोइत्रा की संसदीय आईडी का 47 बार इस्तेमाल किया गया।
पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव पर राजस्थान पत्रिका लिखता है – पूर्व राजघरानों की साख इस बार भी दांव पर। राजस्थान, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ की राजनीति इनके बिना अधूरी।
देश में बिगडती आबोहवा पर अखबारों की नजर है। हिन्दुस्तान के अनुसार छह दिनों में दूषित हुई राजधानी। हाईकोर्ट ने चिंता जताई। पंजाब केसरी के शब्द हैं- दिल्ली सहित 13 शहरों की हवा खराब। वहीं, दैनिक भास्कर लिखता है – प्रदूषित हवा में सांस लेने से डायबिटीज के मरीजों की परेशानी बढ़ी।
वस्तु और सेवा कर संग्रह अक्टूबर में सालाना आधार पर एक दशमलव सात-दो लाख करोड रुपये पहुंचा। दैनिक ट्रिब्यून के बॉक्स में है। पत्र यह भी लिखता है – चलन से वापस लिये गये दो हजार रुपये के 97 प्रतिशत नोट वापस आ गए।
राष्ट्रीय सहारा के कारोबार पन्ने की खबर है – अक्टूबर में यात्री वाहन बिक्री रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंची। देश में बनने वाले वाहनों की बिक्री बढ़ी।
मेट्रो में सफर करने वालों के लिए नवभारत टाइम्स की खास खबर है – दिल्ली मेट्रो के 50 स्टेशनों पर सामान रखने के लिए लॉकर की सुविधा शुरू की गई, जिसे मोबाइल से संचालित किया जा सकता है।