राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुरू किया अनुष्ठान, यम-नियमों का करेंगे पालन, आज प्रकाशित अधिकतर अखबारों की पहली खबर है। नवभारत टाइम्स के शब्द हैं- मंदिर के लिए मोदी का व्रत, 11 दिन का विशेष अनुष्ठान। हिन्दुस्तान ने प्रधानमंत्री के आह्वान शीर्षक से लिखा है- देशभऱ में मंदिरों और तीर्थ स्थलों में स्वच्छता अभियान चलाएं। दैनिक जागरण ने लिखा है- मोदी ने ऑडियो संदेश में कहा- गर्भ गृह में प्राण प्रतिष्ठा के समय हृदय के हर स्पंदन में मेरे साथ होंगे, एक सौ 40 करोड़ भारतीय।
महाराष्ट्र में युवा उत्सव कार्यक्रम में प्रधानमंत्री की अपील- परिवारवादी राजनीति को परास्त करें युवा, इसे जनसत्ता ने पहले पन्ने पर स्थान दिया है। राज्य में कई योजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम पर वीर अर्जुन के शब्द हैं- मोदी ने दी मुम्बई को ‘अटल’ सौगात। कई राज्यों का सफर हुआ आसान।
जम्मू-कश्मीर में करें निवेश गृहमंत्री अमित शाह का उद्योगपतियों से यह आह्वान। राष्ट्रीय सहारा ने सचित्र प्रकाशित किया है। पत्र ने गृहमंत्री के हवाले से लिखा है – लोगों में काफी हुनर है और संभावनाएं असीम हैं।
देशबन्धु के मुख पृष्ठ की सुर्खी है – 17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र 31 जनवरी से, पहली फरवरी को पेश होगा अंतरिम बजट और 9 तारीख को होगा सत्र का समापन।
अमर उजाला के अनुसार बैंकों का जमा सात साल में हुआ दोगुना, पहली बार पहुंचा दो सौ लाख करोड़ रुपये के पार।
पंजाब केसरी की खबर है- सेंसेक्स आठ सौ 50 अंक उछल कर नए रिकार्ड स्तर पर पहुंचा। रुपये की मजबूती और प्रौद्योगिकी क्षेत्र में खरीददारी होने का निवेशकों को लाभ। वहीं दैनिक भास्कर ने लिखा है- सेंसेक्स को आईटी शेयरों का पावर बूस्ट।
भारतीय तटरक्षक बल ने 12 मछुआरों को डूबने से बचाया, हरिभूमि के बॉक्स में है।
राजस्थान पत्रिका के खेल पन्ने की सुर्खी है – जेवलिन थ्रोअर किशोर ऑस्ट्रेलिया में और मीरा बाई चानू अमरीका में करेंगी ट्रेनिंग।