अफगानिस्तान में तालिबान के सुरक्षा बलों और पाकिस्तानी सेना के बीच रविवार को पूर्वी कुनार प्रांत के दंगम जिले में डूरंड रेखा पर झड़प हुई है। अफगानिस्तान के मीडिया के अनुसार ये झड़पें रविवार देर रात तक जारी रही। खबरों में कहा गया है कि दोनों पक्षों ने हल्के और भारी हथियारों का इस्तेमाल किया।
तालिबान अधिकारियों के हवाले से मीडिया ने बताया है कि पाकिस्तानी सैनिकों ने डूरंड रेखा पर सैनिक सुविधाएं तैयार करने की कोशिश की थी जिसके कारण ये झड़पें हुई हैं। झड़पों के बाद पाकिस्तानी सेना ने दंगम इलाके में मॉर्टरों से गोले दागे।
कुनार प्रांत में तालिबान के सूचना और संस्कृति विभाग के प्रमुख नजबुल्ला हनीफ ने बताया है कि झड़पों में कोई हताहत नहीं हुआ है और विवाद सुलझा लिए गए हैं।