विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप में पिछले विजेता नोवाक जोकोविच और विश्व की नम्बर एक महिला खिलाडी इगा स्वियेतक ने आज जीत के साथ अपने-अपने अभियान की शुरुआत की। जबकि कोको गॉफ़ और वीनस विलियम्स कल टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
आठवीं बार इस टूर्नामेंट को और 24वां ग्रैंड स्लैम अपने नाम करने की उम्मीद से उतरे विश्व के नम्बर दो खिलाड़ी जोकोविच ने 68वीं वरीयता प्राप्त अर्जेटीना के पेड्रो कैचिन को 6-3, 6-3, 7-6, (7/4) से हराया। अब दूसरे दौर में जोकोविच का मुकाबला 70वीं रैंकिंग वाले ऑस्ट्रेलिया के जॉर्डन थॉम्पसन से होगा। चौथी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला, तीन बार के ग्रैंड स्लैम फाइनलिस्ट कैस्पर रूड, कई ग्रैंड स्लैम जीतने वाली विक्टोरिया अजारेंका और एंड्रे रुबलेव दूसरे दौर में पहुंचने वाले बड़े नामों में से हैं।
महिला सिंगल्स में सातवीं वरीयता प्राप्त गॉफ हम वतन अमरीकी सोफिया केनिन से 6-4, 4-6, 6-2 से हार गईं, जबकि यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना ने पांच बार की विंबलडन विजेता वीनस विलियम्स को बाहर कर दूसरे दौर में प्रवेश किया। स्वितोलिना ने विलियम्स के खिलाफ सीधे सेटों में 6-4, 6-2 से जीत दर्ज की। दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी स्वियेतक ने 34वीं रैंकिंग वाली चीन की झू लिन को 6-1, 6-3 से हराया।