जम्मू-कश्मीर केन्द्र शासित प्रदेश में जम्मू डिविजन के किश्तवाड जिले से आज पुलिस ने हिजबुल मुजाहिदीन संगठन से संबंधित दो हाल ही में भर्ती किए गये आंतकियों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आतंकवादियों की पहचान किश्तवाड के दाछन इलाके के निवासी के रूप में की गई है। उन्हें किश्तवाड जिले के कलेंग आसु इलाके में तलाशी अभियान के दौरान कुछ हथियारों और विस्फोटक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक पिस्तौल, दो ग्रिनेड, एक यूबीजीएल और एक वायरलेस सैट भी मिला है।
पुलिस ने बताया कि दोनों आतंकी पांच अगस्त से अपने घरों से लापता थे और दो दिन बाद पता चला कि वे हिजबुल मुजाहिदीन आतंकी संगठन में शामिल हो गये हैं। इस सिलसिले में उनके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम कानून के तहत दछान पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया था।
तान्देर इलाके में उनके होने के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने सेना और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया जिसके बाद दोनों आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इलाके में तलाशी अभियान अब भी जारी है।
