सोशल मीडिया माइक्रो वेबसाइट-ट्विटर ने अमेरिका के डिजिटल मिलेनियम कॉपीराइट कानून का कथित रूप से उल्लंघन करने के आरोप में आज संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद का ट्विटर एकाउंट लगभग एक घंटे के लिए बंद कर दिया।
रविशंकर प्रसाद ने इस पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह सूचना प्रौद्योगिकी (इंटरमीडियरी गाइड लाइन्स एंड डिजिटल मीडिया एथिक्स कोर्ड) नियामावली, 2021 का उल्लंघन है, क्योंकि ट्विटर ने उनका एकाउंट बंद करने से पहले उन्हें कोई सूचना नहीं दी।
केंद्रीय मंत्री ने एक बयान में इसे ट्विटर की मनमानी और सख्त कार्रवाई बताते हुए कहा कि इससे साफ पता चलता है कि ट्विटर ने नियमावली का पालन करने से क्यों इंकार किया था। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस नियमावली से ट्विटर किसी भी व्यक्ति का मनमाने तरीके से एकाउंट बंद नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि ट्विटर की यह कार्रवाई यह संकेत देती है कि वह स्वतंत्र अभिव्यक्ति के संरक्षक नहीं है जैसा कि वे दावा करते हैं, बल्कि वे अपना एजेंडा चला रहे है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म क्या करता है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ट्विटर को नये सूचना प्रौद्योगिकी नियमों का पालन करना ही होगा और इस मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
