23 जुलाई से शुरू हुए टोक्यो ओलम्पिक खेलों का आज शाम समापन हो रहा है। टोक्यो ओलम्पिक के समापन समारोह का आयोजन आज शाम टोक्यो के नेशनल स्टेडियम में किया जायेगा। कोविड को ध्यान में रखते हुए उद्घाटन समारोह की तरह समापन भी सादगी से होगा। समापन समारोह के दौरान परेड में कांस्य पदक विजेता पहलवान बजरंग पुनिया भारत के ध्वजवाहक होंगे।
टोक्यो ओलम्पिक में भारत ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। भाला फेंक में नीरज चोपडा के स्वर्ण पदक ने भारत को यह उपलब्धि दिलाई है। भारत ने कुल सात पदक जीते हैं। इससे पहले भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2012 के लंदन ओलम्पिक में था। जिसमें भारत ने छह पदक जीते थे।
भारत ने टोक्यो ओलंपिक में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सात पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। कल एक सदी के बाद एथलेटिक्स में भारत ने स्वर्ण पदक जीतकर एक स्वर्णिम अध्याय लिख दिया। हरियाणा में पानीपत के नीरज चोपड़ा ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 87 दशमलव पांच-आठ मीटर की दूरी तक भाला फेंककर स्वर्ण पदक देश के नाम किया।
पदक तालिका में भारत एक स्वर्ण, दो रजत और चार कांस्य सहित कुछ सात पदक जीतकर 48वें स्थान पर है। अमरीका 39 स्वर्ण के साथ पहले स्थान पर है। 38 स्वर्ण लेकर कुल 87 पदक के साथ चीन दूसरे और मेजबान जापान 27 स्वर्ण के साथ तीसरे स्थान पर है।
