भारत ने आज Su-30 MKI लड़ाकू विमान से हवा में मार करने वाले ब्रह्मोस मिसाइल के विस्तारित दूरी के संस्करण को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया। विमान से प्रक्षेपण योजना के अनुसार था और मिसाइल ने बंगाल की खाड़ी में निर्दिष्ट लक्ष्य पर सीधा निशाना लगाया।
यह Su-30 MKI विमान से ब्रह्मोस मिसाइल के विस्तारित दूरी के संस्करण का पहला प्रक्षेपण था। इसके साथ, भारतीय वायु सेना ने बहुत अधिक लंबी दूरी पर ज़मीन / समुद्र में लक्ष्य के खिलाफ Su-30 MKI लड़ाकू विमान से सटीक निशाना लगाने की क्षमता प्राप्त कर ली है। भारतीय वायु सेना, भारतीय नौसेना, रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ, ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड-बीएपीएल और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड-एचएएल के समर्पित तथा सहक्रियात्मक प्रयासों ने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए राष्ट्र की क्षमता को साबित किया है। Su-30 MKI लड़ाकू विमान के उच्च प्रदर्शन के साथ संयोजित मिसाइल की विस्तारित दूरी की क्षमता भारतीय वायु सेना को एक रणनीतिक पहुंच और भविष्य के युद्ध क्षेत्रों में प्रभाव बनाने की क्षमता प्रदान करेगी।