इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा है कि गूगल, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म नए आईटी नियमों का पालन कर रहे हैं। रवि शंकर प्रसाद ने आज ट्वीटर पर कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के अनुसार अपने प्लेटफार्म से आपत्तिजनक पोस्ट को ऐच्छिक रूप से हटाने के लिए पहली अनुपालन रिपोर्ट पारदर्शिता की दिशा में बड़ा कदम हैं।
फेसबुक ने पहली अनुपालन रिपोर्ट कल प्रकाशित की। रिपोर्ट में कहा गया है कि 15 मई से 15 जून के दौरान बदमाशी, नफरत भरे भाषण और उत्पीड़न सहित नियमों के उल्लंघन की दस श्रेणियों में तीन करोड़ पोस्ट पर कार्रवाई की गई है। इंस्टाग्राम ने इस अवधि के दौरान 20 लाख पोस्ट पर कार्रवाई की। आईटी नियमों के अनुपालन की रिपोर्ट प्रकाशित करने वाले अन्य प्रमुख प्लेटफार्म में गूगल और कू ऐप्प शामिल हैं।
सूचना प्रौद्योगिकी के नए नियमों के अनुसार मीडिया प्लेटफार्म को नियमों के अनुपालन की रिपोर्ट प्रत्येक महीने प्रकाशित करनी होगी और शिकायतों तथा उन पर की गई कार्रवाई का विवरण देना होगा।