भारतीय औषधि और चिकित्सा उपकरण ब्यूरो-(PMBI) ने इस महीने पहली बार सौ करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री की है। पीएमबीआई, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना को लागू करने वाली संस्था है। सरकार ने सामान्य नागरिकों विशेष रूप से गरीबों को उच्च गुणवत्ता की सस्ती दर पर दवाएं उपलब्ध कराने के लिए मार्च 2024 तक जन औषधि केन्द्रों की संख्या दस हजार से अधिक करने का लक्ष्य रखा है। पिछले पांच वर्षों में इस परियोजना के अंतर्गत सामान्य नागरिकों के 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की बचत हुई है।
प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के अंतर्गत देशभर के सात सौ उन्तालिस जिलों को शामिल किया गया है। इस समय जन औषधि केन्द्रों पर एक हजार छह सौ प्रकार की दवाएं और दो सौ पचास प्रकार के सर्जिकल उपकरण उपलब्ध हैं।