प्रधानमंत्री मोदी कल सातवें अंतर्राष्‍ट्रीय योग‍ दिवस पर मुख्‍य समारोह को संबोधित करेंगे, योग‍ दिवस विश्‍व के लगभग 190 देशों में मनाया जाएगा

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल 7वें अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस समारोह के मुख्‍य कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कोविड महामारी को देखते हुए अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम सामूहिक रूप से नहीं मनाया जाएगा। सवेरे साढ़े छह बजे से दूरदर्शन के सभी चैनलों से प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम में लोग भाग ले सकेंगे। कार्यक्रम को आयुष राज्‍य मंत्री किरेन रिजि‍जू भी संबोधित करेंगे। इस अवसर पर मोरारजी देसाई राष्‍ट्रीय योग संस्‍थान की ओर से योगाभ्‍यास का प्रसारण किया जाएगा। योगासनों के प्रदर्शन के बाद सुबह सात बजे से सात बजकर 45 मिनट तक प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का संबोधन होगा। इसके बाद 15 आध्‍यात्मिक और योग गुरूओं के संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

अंतरराष्‍ट्रीय योग दिवस का मुख्‍य विषय है-आरोग्‍य के लिए योग। विदेशों में भारतीय दूतावासों और अन्‍य संस्‍थाओं की ओर से 21 जून को इस अवसर पर विभिन्‍न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस विश्‍वभर के 190 देशों में मनाया जायेगा।

संयुक्‍त राष्‍ट्र महासभा ने 11 दिसंबर, 2014 को एक प्रस्‍ताव पारित कर 21 जून को अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी।

संस्‍कृति मंत्रालय इस वर्ष अंतर्राष्‍ट्रीय योग दिवस योग एक भारतीय विरासत अभियान के तहत मनाएगा। योग दिवस देशभर के 75 सांस्‍कृतिक स्‍थलों पर मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 45 मिनट योगाभ्‍यास और इसके बाद 30 मिनट के सांस्‍कृतिक कार्यक्रम होंगे। महाराष्‍ट्र के चार शहरों को इस अभियान के तहत चुना गया है। पुणे का आगाखाँ महल, मंबई की कन्‍हेरी गुफाएं, औरंगाबाद की एलोरा गुफाएं और नागपुर की पुरानी उच्‍च न्‍यायालय इमारत को इस अभियान में शामिल किया गया है। राष्‍ट्रीय महत्‍व के इन चार स्‍थलों को केंद्र द्वारा संरक्षित स्‍मारक घोषित किया गया है।

Related posts

Leave a Comment