प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कोविड-19 का मुकाबला करने में तैनात अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आज शुभारंभ करेंगे। इस कार्यक्रम का लक्ष्य देशभर में एक लाख से अधिक कोविड योद्धाओं की क्षमता और कौशल में बढ़ोतरी लाना है। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 26 राज्यों के 111 प्रशिक्षण केन्द्रों में शुरू किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के तहत घरों में देखभाल की बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं देने, आपात स्वास्थ्य सेवाओं तथा नमूने संग्रहीत करने और चिकित्सा उपकरण से जुड़ी सेवाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना थ्री प्वॉंइट ओ के तहत एक विशेष कार्यक्रम के रूप में तैयार किया गया है। यह कार्यक्रम स्वास्थ्य क्षेत्र में वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए कुशल श्रमिकों का निर्माण करेगा।
