13 राज्यों में तीन लोकसभा और 29 विधानसभा उप चुनाव के ज्यादातर नतीजे मिल गए हैं।
मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने एक लोकसभा सीट और दो विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि कांग्रेस ने एक विधानसभा सीट जीती है। खंडवा लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के ग्यानेश्वर पाटिल ने 80 हजार से अधिक मतों से जीत हासिल की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जीत पर भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई दी। श्री चौहान ने इसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्र सरकार और राज्य सरकार की नीतियों की जीत बताया।
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने विधानसभा की चारों सीटें जीत ली हैं। इन सीटों के उप चुनाव के लिए 30 अक्तूबर को वोट डाले गए थे।
बिहार में सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड-जेडीयू ने कुशेश्वर अस्थान और तारापुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज की है। जेडीयू ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आरजेडी उम्मीदवारों को हराया।
असम में सत्तारुढ़ भाजपा ने विधानसभा उपचुनाव में विपक्ष से तीन सीट छीन ली हैं जबकि उसकी सहयोगी यूपीपीएल ने 2 सीट बरकरार रखी हैं। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार थावरा, मरियानी और भवानीपुर से जीते जबकि यूपीपीएल उम्मीदवार गोसइगांव और तमुलपुर सीट से विजयी रहे। पूर्व विधायक रूपज्योति कुरमी ने मरियानी सीट बरकरार रखी है। एआईयूडीएफ के पूर्व विधायक फणिधर तालुकदार भवानीपुर सीट से जीते जो इस बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लडे। यूपीपीएल के डाइमारी ने तमुलपुर सीट से विजयी रहे। हमारे संवाददाता ने बताया कि थोवरा, मरियानी और भवानीपुर से विजयी उम्मीदवारों ने अपनी पार्टी से त्यागपत्र दे दिया था और हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे।
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने उप चुनाव में विधानसभा की तीनों और लोकसभा की मंडी सीट जीत ली है। मंडी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने भाजपा ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को 7 हजार 4 सौ 90 मतों के अंतर से हराया। जुब्बल कोटखाई विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व विधायक रोहित ठाकुर ने भाजपा के बागी निर्दलीय उम्मीदवार चेतन ब्रागटा को 6 हजार से अधिक मतों से हराया।
फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार ने जीत हासिल की। उन्होंने त्रिकोणीय मुकाबले में भाजपा के निकटतम प्रतिद्वंदी बलदेव ठाकुर को 5 हजार 7 सौ से अधिक मतों से पराजित किया। अर्की विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार संजय अवस्थी ने भाजपा के रतन सिंह पाल को 3 हजार 219 मतों से हराया।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इन उपचुनावों में विजयी उम्मीदवारों को बधाई दी है और कहा है कि ये नतीजे हमारी उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहे।
मिजोरम में सत्तारूढ़ पार्टी मिज़ो नेशनल फ्रंट-एमएनएफ ने कोलासिब जिले में तुइरियल विधानसभा सीट जीत ली है। इस सीट के लिए हुए उपचुनाव में एमएनएफ के लालडोंगलियाना ने अपने निकटतम जोरम पीपल्स मूवमेंट पार्टी के अपने निकटतम प्रतिदवंद्वी लाल्तलानमाविया को एक हजार दो सौ चौरासी मतों के अंतर से हराया।
तेलंगाना में भारतीय जनता पार्टी उम्मीदवार ऐताला राजेन्दर हुजुराबाद विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में बढ़त बनाए हुए हैं।