देश में अब तक 30 करोड़ से अधिक कोविड रोधी टीके लगाए जा चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार कल शाम तक कुल 30 करोड़ 9 लाख 69 हज़ार पांच सौ अड़तीस टीके लगाए जा चुके थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 21 जून से आरम्भ व्यापक निःशुल्क टीकाकरण में कल 58 लाख 34 हज़ार से अधिक वैक्सीन डोज़ लगाई गयीं। इनमें से चालीस लाख तेईस हज़ार टीके 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लोगों को पहली डोज़ के रूप में और अड़सठ हज़ार नौ सौ तीन टीके दूसरी डोज़ के रूप में लगाए गये।
पहली मई से टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू होने के बाद से देश के 28 राज्यों और नौ केंद्रशासित प्रदेशों में कुल मिलाकर सात करोड़ से अधिक लोगों को टीके की पहली डोज़ और चौदह लाख 98 हजार से अधिक को दूसरी डोज़ लगाई जा चुकी हैं।
केन्द्रशासित प्रदेशों और राज्यों को कोविड वैक्सीन की अब तक 29 करोड 68 लाख से ज्यादा डोज उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इनमें केन्द्र सरकार द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराए गए और राज्यों द्वारा सीधे खरीदे गए टीके शामिल हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि 39 लाख से ज्यादा डोज अगले तीन दिन में राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों को भेजी जाएगी। केन्द्र सरकार देश में निर्मित वैक्सीन का 75 प्रतिशत हिस्सा इन्हें मुफ्त उपलब्ध कराएगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि देश में कोरोना मरीजों की संख्या घटकर छह लाख 43 हजार 194 रह गई है जो पिछले 82 दिनों में सबसे कम है। कोरोना से स्वस्थ होने वालों की संख्या दो करोड़ नवासी लाख 94 हजार से अधिक हो गई है। स्वस्थ होने की दर बढ़कर 96 दशमलव पांच-छह प्रतिशत हो गई है। संक्रमण की साप्ताहिक दर भी लगातार पांच प्रतिशत से नीचे बनी हुई है और वर्तमान में यह तीन दशमलव एक-दो प्रतिशत है। दैनिक संक्रमण दर भी दो दशमलव छह-सात प्रतिशत है।
देश में कोविड के डेल्टा प्लस वेरिएंट के अब तक 40 मरीजों का पता चला है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि ये मरीज महाराष्ट्र, केरल और मध्य प्रदेश से हैं। इन राज्यों से कहा गया है कि वे जांच बढाएं, सम्पर्को का तुरंत पता लगाएं और जिन इलाकों में डेल्टा प्लस वेरिएंट मिला है वहां प्राथमिकता से टीकाकरण करें।