मौसम विभाग का जून में पूरे देश में सामान्य से कम वर्षा का अनुमान, कई राज्यों में लू की संभावना

जून में कम बारिश और लू अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जून से सितंबर 2026 के दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के लिए देशभर में सामान्य से कम वर्षा होने का पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष मानसून के दौरान बारिश औसत से कम रहने की सबसे अधिक संभावना है, खासकर जून महीने में वर्षा का स्तर सामान्य से नीचे रह सकता है।

IMD के अनुसार, उत्तर-पूर्व भारत में सामान्य वर्षा की संभावना बनी हुई है, जबकि देश के कई अन्य हिस्सों में बारिश में कमी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि मानसून सीजन के दौरान तापमान और गर्मी का असर अलग-अलग क्षेत्रों में अधिक महसूस किया जा सकता है।

जून महीने के लिए जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि हरियाणा, पंजाब, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, गुजरात और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में हीट वेव (लू) की स्थिति सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। इसके अलावा महाराष्ट्र, तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। वहीं राजस्थान और झारखंड में अपेक्षाकृत कम लू की स्थिति रहने का अनुमान जताया गया है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने आज के लिए कुछ राज्यों में अलर्ट भी जारी किया है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश और तूफान की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में लू चलने की आशंका जताई गई है।

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे रायलसीमा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और बदलते मौसम के अनुसार सावधानी बरतने की अपील की है।

Related posts