India Meteorological Department ने अगले दो दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण लू जारी रहने की चेतावनी दी है। पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के लिए आज रेड अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा समेत कई राज्यों में आज लू चलने की संभावना है। वहीं आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरे मौसम का अनुमान है।
मौसम विभाग ने राजस्थान और उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी की आशंका जताई है। ओडिशा में रात के समय भी गर्म मौसम बने रहने की संभावना है।
उत्तर-पूर्वी भारत, बिहार, तमिलनाडु और पुद्दुचेरी के कुछ हिस्सों में आज तेज बारिश हो सकती है। दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में अगले दो दिनों तक गरज के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है।
अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और दक्षिण कर्नाटक के भीतरी क्षेत्रों में भी बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
