जीवन बीमा निगम का प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम-आईपीओ कल एंकर निवेशकों के लिए खुलेगा जबकि यह चार मई से नौ मई तक आम जनता के लिए उपलब्ध होगा। एलआईसी आईपीओ 17 मई को शेयर बाज़ारों में सूचीबद्ध किया जाएगा।
देश की सबसे बड़ी जीवन बीमा कंपनी का प्राइस बैंड 902 रूपये से लेकर 949 रूपया प्रति शेयर निर्धारित किया गया है। निवेशक कम से कम 15 शेयरों या इसके गुणक में बोली लगा सकते हैं। एलआईसी ने खुदरा निवेशकों और पात्र कर्मचारी श्रेणी को 45 रूपये प्रति शेयर की छूट दी है। पॉलिसी धारक श्रेणी में 60 रूपये प्रति शेयर की छूट मिलेगी। प्रत्येक शेयर का फ्लोर प्राइस उसकी फेस वैल्यू का 90 दशमलव दो गुणा होगा। इसी तरह प्रत्येक शेयर का कैप प्राइस उसकी फेस वैल्यू का 94 दशमलव नौ गुणा होगा। सरकार एलआईसी में 22 करोड़ 13 लाख शेयर बाजार में उतार कर अपनी साढ़े तीन प्रतिशत की हिस्सेदारी बेच रही है।