भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के अध्यक्ष एस सोमनाथ ने आज कहा कि चंद्रयान-तीन का प्रक्षेपण इस वर्ष जुलाई में किया जाएगा। आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से दूसरी पीढी के नेविगेशन उपग्रह एन एस वी-जीरो वन के सफल प्रक्षेपण के बाद उन्होंने यह जानकारी दी। इसरो अध्यक्ष ने कहा चंद्रयान को जुलाई में प्रक्षेपित करने का लक्ष्य है और इसरो इस दिशा में काम कर रहा है।
चंद्रयान-3, चंद्रयान-2 का अनुवर्ती मिशन है जो चंद्रमा पर सुरक्षित लैंडिंग क्षमता को प्रदर्शित करेगा। इसमें एक स्वदेशी लैंडर मॉड्यूल, एक प्रणोदन मॉड्यूल और एक रोवर शामिल है। चंद्रमा की सतह पर प्रयोग करने के लिए लैंडर और रोवर में पेलोड लगे होंगे।