पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पिछले महीने टिफिन बम से एक तेल टैंकर को उड़ाने की साजिश में शामिल ISI समर्थित आतंकवादी मॉड्यूल के चार और सदस्यों की गिरफ्तारी के बाद राज्य में हाई अलर्ट का आदेश दिया है। पिछले 40 दिनों में राज्य में पाकिस्तानी आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ होने का यह चौथा मामला है। राज्य में शांति को भंग करने के लिए आतंकवादी समूहों की बढ़ती कोशिशों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता को विशेष रूप से भीड़भाड वाले स्थानों, जैसे बाजारों के साथ-साथ राज्य भर की संवेदनशील जगहों पर उच्च स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा है। पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने बताया कि मंगलवार को पकड़े गये लोगों की पहचान रुबल सिंह, विक्की भुट्टी, मलकीत सिंह और गुरप्रीत सिंह गोपी के रूप में हुई है। दिनकर गुप्ता ने बताया कि इस आतंकवादी मॉड्यूल के पीछे पाकिस्तान स्थित आई.एस.वाई.एफ. प्रमुख लखबीर सिंह, कासिम और पाकिस्तान में रह रहे लखबीर सिंह रोड़े उर्फ बाबा का हाथ है।
ISI समर्थित चार आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में हाईअलर्ट
ISI समर्थित चार आतंकियों की गिरफ्तारी के बाद पंजाब में हाईअलर्ट