मध्य प्रदेश में कोविड मामलों में गिरावट के मद्देनजर राज्य सरकार ने कुछ और गतिविधियों में प्रतिबंधों पर छूट देने की घोषणा की है। अब, शादी-समारोह में अधिकतम सौ आदमी और दाह-संस्कार में पचास व्यक्ति शामिल हो सकते हैं। सिनेमा हॉल पचास प्रतिशत की क्षमता के साथ खोले जा सकते हैं। रेस्त्रा खुलेंगे और बाजार दस बजे रात तक खुली रहेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या घटकर 296 हो गई है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि राज्य में कोरोना संक्रमण की स्थिति नियंत्रण में है। राज्य में कल 18 नए कोविड मामले दर्ज किए गए जबकि सक्रिय मामले घटकर 296 हो गए। राज्य के 44 जिलों में कोविड 19 का कोई मामला नहीं है। 18 नए मामलों में से 8 भोपाल के, 3 इंदौर के, जबलपुर के 2 और नीमच, राजगढ़, सागर शिवपुरी और सिंगरौली में 1-1 मामले सामने आये हैं। राज्य में कोरोना संक्रमण पर नजर रखने के लिए रोजाना 72 हजार से ज्यादा टेस्ट किए जा रहे हैं।