केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शत प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए युवाओं से आगे आने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत पांच किलोग्राम मुफ्त अनाज का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाये। गृहमंत्री अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं को आवश्यक वस्तुओं की किट उपलब्ध कराने वालों के लिए गांधी नगर में राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे। अमित शाह ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष ने लोगों के पराक्रम को दिखाया है जो आगे भी जारी रहना चाहिए। गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत द्वारा शुरू किये गये कोरोना सेवा यज्ञ अभियान के अंतर्गत राजभवन ने अग्रिम पंक्ति के कोरोना योद्धाओं को आवश्यक वस्तुओं की एक लाख किट वितरित की हैं। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि गुजरात में कोविड संक्रमण के मामलों में लगातार कमी आ रही है।
गुजरात में कल कोविड-19 संक्रमण के 32 नए मामले दर्ज हुए। पिछले 24 घंटों में 262 मरीज ठीक हुए और उन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी दी गई। राज्य में अब तक 8 लाख 13 हजार 399 मरीज कोविड-19 से ठीक हो चुके हैं। इसके साथ ही राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर बढकर 98 दशमलव 68 प्रतिशत हो चुकी है। राज्य में कोविड-19 संक्रमण के सब से अधिक 9 नये मामले अहमदाबाद में दर्ज हुए। राज्य में इस वक्त 801 सक्रीय मामले है, जिसमें से 7 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। गुजरात में कल 2 लाख 54 हजार 759 लोगों को कोविड19 के खिलाफ टीके लगाये गए।
