Gujarat Elections 2022 के दूसरे चरण में दोपहर 1 बजे तक 34.74% मतदान हुआ। राज्य में 14 जिलों की 93 सीटों पर मतदान सुचारू रूप से चल रहा है। शाम पांच बजे तक वोट डाले जाएंगे। 69 महिलाओं सहित आठ सौ 33 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। राज्य की 182 सीटों पर दो चरणों में चुनाव हो रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल और उनकी कैबिनेट के सात मंत्रियों के अलावा भारतीय जनता पार्टी के हार्दिक पटेल और अल्पेश ठाकुर, कांग्रेस के सुखराम रठावा और जिग्नेश मेवानी तथा आम आदमी पार्टी के भरत सिंह वखाला और भीमा भाई चौधरी भी इस चरण में चुनाव मैदान में हैं।
निर्वाचन आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। करीब 26 हजार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। राज्य की मुख्य चुनाव अधिकारी पी. भारती ने लोगों से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। वोटों की गिनती आठ दिसंबर को होगी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की है। अपने ट्वीट में प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से युवा मतदाताओँ और महिलाओं से बड़ी संख्या में मतदान का आग्रह किया।