अफगानिस्तान में सरकार तालिबानियों को पीछे धकेलने की योजना के तहत स्थानीय समूहों को हथियार उपलब्ध करा रही है। आंतरिक सुरक्षा मंत्री जनरल अब्दुल सत्तार मिर्जाकवाल ने कहा है कि एक सप्ताह से कम समय में तालिबान के नौ प्रांतों की राजधानियों पर कब्जा करने के बाद अफगान सेनाएं मुख्य राजमार्गों, बड़े शहरों और सीमा पर जाने वाले मार्गों को सुरक्षित रखने पर विशेष ध्यान दे रही है। जनरल मिर्जाकवाल ने कहा कि सरकार स्थानीय लडाकुओं की मदद कर रही है जो विद्रोही आंदोलनों से निपटने के लिए जाने जाते हैं।
अफगान सरकार ने एक और कदम उठाते हुए अपने सेना प्रमुख को बदल दिया है, क्योंकि तालिबान का तेजी से आगे बढ़ना जारी है। आतंकवादियों ने अफगानिस्तान के 34 प्रांतीय राजधानियों में से दस पर अपना नियंत्रण कर लिया है। तालिबान ने कहा है कि उसने रणनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण गजनी शहर पर कब्जा कर लिया है।
संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, अफगानिस्तान में तालिबान और सेना के बीच संघर्ष में पिछले महीने एक हजार से अधिक नागरिक मारे गए हैं।
