भारत की अध्यक्षता में जी-20 देशों के विदेश मंत्रियों की औचपारिक बैठक आज नई दिल्ली में शुरू। विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर जी-20 विदेश मंत्रियों की बैठक के दो सत्रों की अध्यक्षता करेंगे। पहला सत्र बहुपक्षीय मामलों को सुदृढ़ करने और सुधार की आवश्यकता, खाद्यान्न और ऊर्जा सुरक्षा से संबंधित विषयों पर केंद्रित होगा। जबकि दूसरा सत्र आतंकवाद और नशीले पदार्थों सहित नई चुनौती, वैश्विक कौशल मापन और वैश्विक प्रतिभा पूल पर केंद्रित होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बैठक को वर्चुअली संबोधित करेंगे। गणमान्य व्यक्तियों के स्वागत में कल रात्रि भोज का आयोजन किया गया था। अतिथियों के स्वागत में भारतीय संस्कृति की विशालता को प्रस्तुत करने वाले एक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया। ये प्रस्तुतियां आगामी होली के त्यौहार पर केंद्रित था।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने मीडिया से कहा कि इस बैठक में 40 प्रतिनिधियों के भाग लेने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 30 अंतर्राष्ट्रीय संगठन भी इस बैठक में शामिल होंगे।
जापान के विदेश मंत्री योशिमाशा हयाशी के बैठक में शामिल नहीं होने पर विदेश सचिव ने कहा कि भारत और जापान के बीच जी-20 के अंतर्गत अच्छी चर्चा और विचार-विमर्श हुए हैं और भारत जापान की भागीदारी को बहुत महत्व देता है।
उन्होंने कहा कि दुनिया पर रूस-यूक्रेन संघर्ष के प्रभाव, आर्थिक प्रभाव और विकास पर इसके प्रभाव सहित कई मुद्दों पर इस बैठक में ध्यान केंद्रित किया जाएगा।