प्रवर्तन निदेशालय आज पटना में बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी प्रसाद यादव से जमीन के बदले नौकरी घोटाले में पूछताछ की। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने पटना क्षेत्रीय कार्यालय में आज सुबह 11 बजकर 30 मिनट के आसपास तेजस्वी यादव से पूछताछ शुरू की थी, जो अब समाप्त हो गई है।
केंद्रीय एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो की ओर से तेजस्वी यादव के विरुद्ध जमीन के बदले नौकरी के कथित घोटाले में दायर आरोप पत्र के आधार पर इससे जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ की है। प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें 19 जनवरी को समन जारी किया था। इससे पहले एजेंसी ने ऐसे ही मामले में राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद से कल लगभग 10 घंटे पूछताछ की थी।
जमीन के बदले नौकरी का कथित घोटाला 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यूपीए सरकार में रेल मंत्री थे। आरोप है कि इस अवधि के दौरान भारतीय रेल के विभिन्न परिक्षेत्रों में ग्रुप-डी के पदों पर कई व्यक्तियों की नियुक्ति हुई और उन लोगों ने बदले में लालू प्रसाद और उनके नजदीकी सहयोगियों को रिश्वत के तौर पर जमीन दी।