कनाडा के कैल्गरी में भारत के बैडमिंटन खिलाड़ी कनाडा ओपन वर्ल्ड टूर सुपर 500 प्रतियोगिता में अपना अभियान शुरू करेंगे। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और वर्तमान में बी.डब्ल्यू.एफ. विश्व रैंकिंग में 12वां स्थान प्राप्त ताइपे ओपन प्रतियोगिता में पी.वी. सिन्धू शामिल न हो सकी। सिन्धू कनाडा की विश्व नम्बर 61 खिलाड़ी तालिया एन.जी. के खिलाफ अपना महिला एकल अभियान शुरू करेंगी।
महिला एकल मुख्य ड्रॉ में भारत की तस्नीम मीर और गाडे रूथविक शिवानी भी मुख्य ड्रॉ में खेलेंगी। तस्नीम का मुकाबला वियतनाम की थूयी नगयुयेन से होगा, जबकि रूथविक शिवानी थाइलैण्ड की सुपनिडा काटेथोम के खिलाफ खेलेंगी। पुरूष एकल मुकाबले में विश्व के 19 नम्बर के खिलाड़ी लक्ष्यसेन मुख्य ड्रॉ में भारत के एकमात्र बैडमिंटन खिलाडी होंगे। लक्ष्यसेन का मुकाबला 32वें दौर में थाइलैण्ड के विश्व के तीन नम्बर के खिलाड़ी कुनलावुत वितीदसरन के साथ होगा।
राष्ट्रमंडल खेल 2014 के चैम्पियन परूपल्ली कश्यप जर्मनी के काई शैफर के खिलाफ क्वालीफायर मुकाबले में खेलेंगे। भारत के एस. संकर मुथू स्वामी सुब्रमण्यन और बी. साई प्रणीत भी क्वालीफायर मुकाबलों में शुरूआत करेंगे। पुरूष युगल में कृष्णा प्रसाद गारगा और विष्णुवर्धन गौड़ पंजाला भारत की एकमात्र चुनौती होंगे। वे शुरूआती मुकाबले में फ्रांस की जोड़ी जुलियन माईओ और विलियम विलेगर के सामने पहला मुकाबला खेलेंगे।
महिला युगल में भारत की जोड़ी तनिशा क्रास्तो और अश्विनी पोनप्पा का ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी कैटलिन इया और ग्रोन्या सोमरविले के साथ मुकाबला होगा। भारत की जोड़ी रूतपर्ना पाण्डा और स्वेतापरना पाण्डा मुख्य ड्रॉ में शुरुआत करेंगी।