अमरीका आज अपनी स्वतंत्रता की 245वीं वर्षगांठ मना रहा है। आज ही के दिन 1776 में अमरीका के राष्ट्र निर्माताओं ने स्वतंत्रता संबंधी घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर किए थे। इसमें 13 अमरीकी उपनिवेशों के ब्रिटिश साम्राज्य से मुक्त हो जाने की घोषणा की गई। घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर करने वालों में थॉमस जैफर्सन और बेंजामिन फ्रैंकलिन शामिल थे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और वहां की जनता को उनके दो सौ 45वें स्वतंत्रता दिवस पर शुभकामनाएं दी है। अपने संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गतिशील लोकतंत्र के रूप में भारत और अमेरिका स्वतंत्रता के समान मूल्य अपना रहे हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की महत्वपूर्ण भागीदारी वैश्विक दृष्टि से विशेष उल्लेखनीय है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आज अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस पर वहां की सरकार और लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। एक ट्वीट में उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि साझा मूल्यों और हितों पर आधारित, भारत और अमेरिका की मजबूत भागीदारी आगे भी बढ़ती रहेगी।