प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में कांस्य पदक जीतने पर भारत की पुरुष हॉकी टीम को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि इस शानदार जीत से टीम ने पूरे देश और खासतौर से हमारे युवाओं को जोश से भर दिया है।
एक ट्वीट में प्रधानमंत्री ने कहा हैः “ऐतिहासिक! यह दिन हर भारतीय के लिए हमेशा यादगार रहेगा। कांस्य पदक घर लाने के लिये हमारी पुरुषों की हॉकी टीम को बधाई। इस शानदार जीत से उन लोगों ने पूरे देश का और खासतौर से हमारे युवाओं का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है और वे जोश से भर उठे हैं। भारत को अपनी हॉकी टीम पर गर्व है।”
टोक्यो ओलंपिक में भारत ने पुरुष हॉकी में जर्मनी को 5-4 से हराकर कांस्य पदक जीत लिया है। एक रिपोर्ट- तोक्यो ओलंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 41 साल के बाद पदक जीतकर इतिहास रचल दिया है। टीम इंडिया ने कांस्य पदक के रोमांचक मैच में जर्मनी को 5-4 से हराकर पदक देश के नाम किया। इससे पहले ओलंपिक में भारत की हॉकी टीम को आखिरी पदक 1980 में मॉस्को में मिला था, जब वासुदेवन भास्करन की कप्तानी में टीम ने स्वर्ण जीता था।
आज के मैच में 3-1 से पिछड़ने के बाद भारत ने जबरदस्त वापसी की और लगातार 4 गोल कर शानदार खेल का प्रदर्शन किया। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने दो, हार्दिक सिंह, हरमनप्रीत सिंह और रुपिंदर पाल सिंह ने एक-एक गोल किया। अब सबकी निगाहें महिला हॉकी में कांस्य पदक के लिए होने वाले मुकाबले पर लगी हैं, जिसमें कल भारत का सामना ब्रिटेन से होगा।
