टोक्यो ओलंपिक: पदक तालिका में भारत एक रजत पदक जीतकर 15वें स्‍थान पर

टोक्यो ओलंपिक: पदक तालिका में भारत एक रजत पदक जीतकर 15वें स्‍थान पर

पदक तालिका में भारत एक रजत पदक जीतकर 15वें स्‍थान पर है, जबकि चीन तीन स्‍वर्ण और एक कांस्‍य पदक के साथ पहले स्‍थान पर है। मेजबान जापान दो स्‍वर्ण और एक रजत पदक जीतकर दूसरे, जबकि अमरीका एक स्‍वर्ण, दो रजत और दो कांस्‍य पदक जीतकर तीसरे स्‍थान पर है।

तोक्‍यो ओलंपिक में भारत ने कल अपना पहला पदक जीता। मीराबाई चानू ने 49 किलोग्राम वर्ग में क्‍लीन एंड जर्क और स्‍नैच में कुल 202 किलोग्राम वजन उठाकर भारत को रजत पदक दिलाया।

तोक्‍यो ओलंपिक में आज दूसरा दिन नौकायन में पुरुषों की सर्फिंग स्‍पर्धा से शुरू हुआ। सर्फिंग के अलावा आज स्‍केट बोर्डिंग स्‍पर्धा की भी शुरुआत होगी। यह प्रतियोगिता पहली बार ओलिंपिक में शुरू की गई है। इस साल ओलिंपिक में कराटे और स्‍पोर्ट क्‍लाइबिंग सहित चार नई प्रतियोगिताएं शामिल की गई हैं। आज 18 स्‍वर्ण पदकों के लिए खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगे।

भारत की ओर से महिला मुक्‍केबाज एमसी मैरी कॉम 51 किलोग्राम वर्ग में आज अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। वहीं पुरुष मुक्‍केबाजी में आज ही मनीष कौशिक भी 63 किलोग्राम वर्ग में अपना जौहर दिखायेंगे।

निशानेबाजी में 10 मीटर एयर पिस्‍टल में मनु भाकर और यशस्विनी देसवाल अंतिम आठ के लिए क्‍वालीफाई नहीं कर पाई हैं। वहीं निशानेबाजी में ही आज भारत के मैराज अहमद खान और अंगद वीर सिंह बाजवा पुरुषों की स्कीट स्‍पर्धा के क्वालीफिकेशन राउंड में असाका शूटिंग रेंज में हिस्‍सा ले रहे हैं, जबकि दीपक कुमार और दिव्यांश सिंह पंवार पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

टेनिस में महिलाओं के डबल्‍स मुकाबले में सानिया मिर्जा और अंकिता रैना की जोड़ी पहले दौर में यूक्रेन की ल्यूडमिला किचेनोक और नादिया किचेनोक की जोड़ी से खेल रही है।

वहीं महिलाओं की आर्टिस्टिक जिमनास्टिक में इस समय प्रणिती नायक अपने कौशल का प्रदर्शन कर रही हैं।

टेबल टेनिस में पुरुष सिंगल्‍स के दूसरे दौर में साथियान ज्ञानशेखरन और महिला सिंगल्‍स में मनिका बत्रा अपने दूसरे दौर के मैच खेलेंगे।

नौकायन के मुकाबलों रोइंग में अर्जुन लाल जाट और अरविंद सिंह की भारतीय जोड़ी आज रेपेचेज के अगले दौर में पहुंच गई है। महिलाओं की लेजर रेडियल मुकाबले में भारत की नेथ्रा कुमानन अपना दमखम दिखाएंगी। वहीं पुरुषों की लेजर स्‍पर्धा में विष्‍णु सर्वानन अपनी चुनौती पेश करेंगे।

पुरुष हॉकी में आज पूल ए में भारत का मुकाबला ऑस्‍ट्रेलिया से होगा। मैच दिन में तीन बजे से खेला जाएगा। इससे पहले कल भारत ने न्‍यूजीलैंड को 3-2 से पराजित किया था।

तैराकी में पुरुषों की 100 मीटर बैक स्‍ट्रोक में श्रीहरि नटराज और महिलाओं की 100 मीटर बैक स्‍ट्रोक में माना पटेल आज दमखम दिखायेंगे।

Related posts

Leave a Comment